गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को रामगढ़ताल में रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित हुई 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया. प्रतियोगिता में 20 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के दो मुकाबलों (दो किमी बालिका डबल स्कल और दो किमी बालक क्वाड्रपल स्कल) को देखकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां युवा अपनी ऊर्जा और शक्ति का सही दिशा में उपयोग कर रहा होता है उस देश का भविष्य उज्ज्वल होता है. खिलाड़ी हमेशा सकारात्मक सोच और टीम भावना के साथ कार्य करता है. वह नशा और नकारात्मकता से दूर रहकर, स्व अनुशासन के साथ समाज को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर गांव में खेल के मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में खेलों इंडिया खेलो, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, विधायक खेलकूद प्रतियोगिता तथा ग्रामीण लीग प्रतियोगिता के माध्यम से खेल गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ी हैं.
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर के ऐतिहासिक रामगढ़ताल में 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में 20 राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर एक भारत और श्रेष्ठ भारत के विजन को आगे बढ़ाया है. भारत में रोइंग प्रतिस्पर्धाएं तेजी से आगे बढ़ी हैं. रामगढ़ताल वाॅटर स्पोर्ट्स के हब के रूप में नई पहचान बना चुका है. आने वाले समय में रामगढ़ताल में रोइंग, कैनोइंग एवं अन्य जल क्रीड़ा से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. वर्ष 2030 कामनवेल्थ गेम्स भारत में होंगे. उसमें महिला टीम के प्रशिक्षण हेतु रामगढ़ताल को चुना गया है.
एमपी और आर्मी बॉयज बनी ओवरऑल चैंपियन : 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के बालिका वर्ग में प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल चैंपियन बनने की ट्रॉफी मध्य प्रदेश (एमपी) ने जीती. बालक वर्ग की चैंपियनशिप पर आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी की टीम ने आधिपत्य जमाया. इन टीमों को ट्रॉफी देकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत किया. साथ ही उन्होंने मुकाबलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित भी किया.