UP Weather Update: मौसम ने बदली चाल, 30 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट; ओलावृष्टि की भी चेतावनी

लखनऊ: वायुमंडल में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश का मौसम आज से बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होगी. 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है.

मौसम विज्ञान विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है. इससे प्रदेशवासियों को पिछले 15 दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. ओलावृष्टि और बिजली गिरने के साथ ही आंधी-तूफान से जान-माल का भी नुकसान भी हो सकता है. मौसम विज्ञान विभाग ने बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो बांदा यूपी का सबसे गर्म जिला बना हुआ है. बांदा, प्रयागराज, हमीरपुर, झांसी, उरई में पिछले 24 घंटे के दौरान हीट वेव चली हैं. इसके अलावा अन्य जिलों में भी हीट वेव कंडीशन जारी रही. भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों का बुरा हाल है.

5 दिन बदला रहेगा मौसम: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में परिवर्तन हुआ है. यह परिवर्तन 5 दिनों तक रहेगा. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर मध्यम, कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

इसके साथ-साथ 40 से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की जाएगी. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही मौसम फिर से करवट लेगा और गर्मी में फिर से वृद्धि होगी.

इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना: यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस-पास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है.

इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की संभावना: वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के क्षेत्र में आंधी/तड़ित झंझावत (हवा की गति 60-70 झोंको में बढ़कर 80 किमी/घंटा) की संभावना है.

इसके अलावा फतेहपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बांदा, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आस-पास के क्षेत्र में आंधी/तड़ित झंझावत (हवा की गति 50 से 60 झोंको में बढ़कर 70 किमी/घंटा) की संभावना अधिक है.

चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, ललितपुर में झोंकेदार हवा (गति 40 से 50 झोंको में बढ़कर 60 किमी/घंटा) की संभावना जताई गई है.

इन जिलों में लू की संभावना ज्यादा: यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस-पास के क्षेत्रों में ऊष्ण लहर यानी लू चलने की संभावना अधिक है.

राजधानी का मौसम: लखनऊ में आज सुबह से ही तेज रफ्तार ठंडी हवाएं चल रही हैं. सुबह के समय बादलों की आवाजाही भी रही. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी.

कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है. वहीं, 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है. अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बुधवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहा. दिन में 20 से 30 किलोमीटर तेज रफ्तार हवा चली. कुछ स्थानों पर बादलों की भी आवाजाही रही, जिससे अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई.

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य है. वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

बांदा सबसे गर्म रहा: बुधवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे अधिक गर्म रहा. अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो की सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.