ललितपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को संभावित बुंदेलखंड दौरे पर रहेंगे. वह सुबह ललितपुर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री जिले में करीब ढाई घंटे रहेंगे. इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ जिले के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह लगभग 11.30 बजे ललितपुर के ऐतिहासिक तुवन मंदिर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. जनसभा के दौरान वह सदर विधानसभा एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की स्थिति तथा जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जा सकती है. वहीं, सीएम के आगमन के मद्देनजर कई विभागों के अफसर समीक्षा बैठक की तैयारियों में जुटे रहे. सीएम योगी को योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए अफसर दिनभर रिपोर्ट पर मंथन करते रहे. वहीं, विभागों के कर्मचारी भी शुक्रवार को तैयारियों में जुटे रहे. वहीं, सभा स्थल पर पर प्रशासन ने सीएम की सुरक्षा समेत कई बिंदुओं की गहनता से जांच की.