गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून को तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे। इसी दिन वह शाम को बरगदवा स्थित नकहा जंगल के पास अक्षयपात्रा के बेस किचन का उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस बेस किचन से रोजाना एक लाख बच्चों का मिड-डे मील बनेगा। 27 जून सुबह भाजपा महानगर के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे।
बस से अयोध्या दर्शन करने जाएंगे भाजपा पदाधिकारी
पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में शामिल होने के बाद 28 जून को सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी अयोध्या दर्शन करने जाएंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से एसी बस का इंतजाम किया गया है।
अक्षयपात्रा के बेस किचन में अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। तीन से चार घंटे में एक लाख बच्चों का खाना बनकर तैयार होगा। मशीन से एक घंटे में 50 हजार रोटी बनाई जाएगी और स्टीम तकनीक से 15 मिनट में 1200 लीटर चावल पकेगा।
अक्षयपात्रा के जोनल हेड विक्रांत मोहन ने बताया कि तीन एकड़ क्षेत्रफल में बेस किचन और पार्किंग बनाई गई। स्कूलों तक खाना पहुंचाने के लिए करीब 100 गाड़ियां रहेंगी। बेस किचन में करीब 200 कर्मचारी काम करेंगे। स्कूलों में बच्चों की अटेंडेंस के हिसाब से गरम खाना गाड़ियों में भेजा जाएगा।