लखनऊ: आखिर वह पल नजदीक आ रहा है जब आप मानसून के मौसम का आनंद ले सकेंगे. इसके लिए आपको बस 48 घंटे का इंतजार करना है. मौसम विभाग की मानें तो 28 जून से मानसून की यूपी में एंट्री हो सकती है. यह मानसून बिहार के रास्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे पहले दाखिला होगा. यहां से मानसून यूपी के अन्य जिलों की ओर बढ़ेगा. इस लिहाज से यह कह सकते हैं कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिले जैसे देवरिया और महाराजगंज में पहले बारिश की संभावना है. बता दें कि इस बार मानसून अपने निर्धारित समय 21 जून से करीब 8 दिन देरी से आ रहा है. 28 जून से यूपी में बारिश का दौर शुरू होगा.
मौसम वैज्ञानिक क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर (लू) का दौर जारी है. जून के अन्तिम चरण में प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है. 28 जून से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा. इसमें उत्तरोत्तर वृद्धि के साथ 30 जून से प्रदेश में बारिश की संभावना के दृष्टिगत दक्षिण पश्चिम मानसून के आगामी 3-4 दिनों के दौरान किसी भी समय उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के उपरान्त आने वाले दिनों में तेजि से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
वहीं किसान भी टकटकी लगाए बादलों की ओर देख रहा है क्योंकि धान की फसल के लिए बारिश बहुत ही जरूरी है. बारिश के विलंब हो जाने के कारण धान की फसल पर भी खराब असर पड़ सकता है.
लू की संभावना इन जिलों में अधिक: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस-पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का मौसम ऐसा रहेगा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. कहीं-कहीं हीट वेव भी चल सकती है. अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
प्रयागराज सबसे गर्म जिला: गुरुवार को प्रयागराज देश का सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.