नई दिल्ली/चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो करीब 25 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सुबह लगभग 11 बजे प्रधानमंत्री जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके बाद पीएम चंडीगढ़ जाएंगे, जहां दोपहर करीब 1:45 बजे वो 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे. इसके बाद, प्रधानमंत्री जालंधर पहुंचेंगे, जहां वो 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे.
पीएम जींद में दिखाएंगे भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 11:30 बजे जींद के एकलव्य स्टेडियम में हरियाणा को 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. जिसमें वो विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इनमें सड़क, रेल, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. वो इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे.
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा होगा राष्ट्र को समर्पित: प्रधानमंत्री दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-1 से पैकेज-5 का उद्घाटन करेंगे. 157.92 किलोमीटर लंबे इस एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से कटरा की यात्रा का समय करीब 14 घंटे से घटकर 6 घंटे रह जाएगा. वहीं, दिल्ली से अमृतसर की यात्रा भी करीब आठ घंटे की बजाय चार घंटे में पूरी की जा सकेगी. इस परियोजना से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ट्रैफिक का दबाव कम होने और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है.
अंबाला-काला अंब और जींद-गोहाना हाईवे भी होंगे शुरू: प्रधानमंत्री अंबाला-काला अंब फोरलेन हाईवे को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. ये परियोजना हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करेगी और औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. इसके अलावा 40.60 किलोमीटर लंबे जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में कमी आएगी
कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की रखी जाएगी आधारशिला: प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में सिख गुरुओं की विरासत और सिख धरोहर को समर्पित सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे. इस परियोजना का उद्देश्य सिख इतिहास और संस्कृति को संरक्षित एवं प्रदर्शित करना है.
चंडीगढ़ को मिलेगी स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की बड़ी परियोजनाएं: जींद के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे. यहां वो 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन करेंगे. इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
जालंधर में रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन: अपने दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे, जहां वो 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही प्रधानमंत्री देश के 20 राज्यों में पुनर्विकसित किए गए 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे.
क्या है इस दौरे की खासियत? प्रधानमंत्री का ये दौरा केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं है. भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना देश के हरित ऊर्जा और सतत परिवोन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. वहीं, एक्सप्रेसवे, हाईवे, स्वास्थ्य और रेलवे से जुड़ी परियोजनाएं देश के बुनियादी ढांचे को नई गति देने का काम करेंगी.