यूपी में झमाझम बारिश का दौर जारी, आज 36 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ/अलीगढ़: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में झमाझम बारिश हुई. कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बिजली भी कड़की. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी यूपी के दोनों संभागों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला कम होगा. वहीं गुरुवार को खास तौर से उत्तर प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी इलाकों में तेज रफ्तार बारिश हुई. इसके अलावा अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई.

इन जिलों में बारिश की चेतावनी: गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुर, गाजियाबाद जिलों में भारी बारिश और प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना है.

अलीगढ़ में झमाझम बारिश: जिले में शुक्रवार को सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया. लगातार बरसात से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. हालांकि तेज बारिश के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.

लखनऊ में रेन अलर्ट: राजधानी लखनऊ में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय होने की वजह से पिछले 3-4 दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है, वहीं लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिली है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे, कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है, अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

लखीमपुर खीरी सबसे अधिक गर्म जिला: जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि मानसूनी प्रवाह के चलते आगामी 4 दिनों तक विशेष रूप से प्रदेश के दक्षिणी भाग में भारी वर्षा होने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश के उत्तरी एवं मध्यवर्ती भाग में मानसूनी वर्षा अपेक्षाकृत कम होने की संभावना है.