रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सप्रेसवे पर पकड़ी लाखों की संदिग्ध खाद्य सामग्री

लखनऊ: रक्षाबंधन से पहले लखनऊ में खाद्य विभाग ने करीब 13.45 लाख रुपये की संदिग्ध खाद्य सामग्री को कब्जे में लेकर कर बड़ी कार्रवाई की है. आगरा एक्सप्रेसवे पर पकड़ी गई तीन गाड़ियों में आम पापड़, चूरन, चटनी और खाद्य तेल की खेप पकड़ी गई है. सामान की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टीम ने 10 नमूने जांच के लिए भेजे हैं, जबकि पूरी खेप को रिपोर्ट आने तक ऐशबाग स्थित कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवा दिया गया है.

देर रात हुई कार्रवाई: 24 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम आगरा एक्सप्रेसवे पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान अलग-अलग जिलों से आ रही तीन गाड़ियों को रोका गया. गाड़ियों में खाद्य सामग्री लदी थी. टीम ने ड्राइवरों से माल के बारे में पूछताछ की, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला. इसके बाद अधिकारियों ने तीनों गाड़ियों को सामान समेत थाना पारा में खड़ा करा दिया. रातभर गाड़ियों की निगरानी होती रही और सुबह खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने इनकी विधिवत जांच शुरू की.

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की लगातार जांच की जा रही है. तीन वाहनों से करीब 13.45 लाख रुपये की खाद्य सामग्री अभिग्रहीत की गई है. 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.- विजय प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य डीओ लखनऊ

गाड़ियों में क्या मिला: 25 अगस्त की सुबह सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने गाड़ियों की जांच की. ड्राइवरों ने टैक्स इनवॉयस दिखाए तो माल का ब्योरा सामने आया. पहली गाड़ी में आम पापड़ के 50 गत्ते और इसके साथ ही दूसरी खाद्य सामग्री के 326 बॉक्स मिले. इनकी कीमत करीब 5.01 लाख रुपये थी. दूसरी गाड़ी में चूरन के 100 बैग और चटनी के 20 बॉक्स मिले. इनकी कीमत करीब 2.14 लाख रुपये आंकी गई. तीसरी गाड़ी में खाने के तेल की बड़ी खेप थी. इसमें अलग-अलग पैकिंग में तिल का तेल और मूंगफली का तेल लदा था, जिसकी कीमत करीब 10.41 लाख रुपये बताई गई.

अब खाद्य विभाग की नजर लैब रिपोर्ट पर है. नमूनों में गड़बड़ी मिली तो संबंधित कारोबारियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई होगी.