कौन हैं देव शर्मा? ‘रामायण’ और ‘आदिपुरुष’ में लक्ष्मण के रोल से क्यों हुए रिजेक्ट, खुद बताई वजह

हैदराबाद: नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की रिलीज से पहले एक और रामायण पर आधारित फिल्म सिनेमाघरों में आने वाली है. अभिषेक सिंह की निर्देशित ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस पौराणिक फिल्म में देव शर्मा श्री राम और अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका में हैं. गुरुवार, 17 सितंबर को मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान, देव ने बताया कि दो रिजेक्शन के बारे में बात की.

देव शर्मा ने बताया कि उन्होंने ‘आदिपुरुष’ और ‘रामायण’ दोनों में लक्ष्मण के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन दोनों फिल्मों में रिजेक्ट कर दिया गया था.उन्होंने इसके पीछे के कारण को भी बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी लंबाई की वजह से ‘आदिपुरुष’ और नितेश तिवारी की ‘रामायण’दोनों में ही लक्ष्मण के रोल के लिए रिजेक्ट कर दिया गया था. इसके बाद उन्हें लगने लगा था कि शायद रामायण के साथ उनका जुड़ाव किस्मत में नहीं था.

एक्टर ने कहा, ‘इस फिल्म से पहले मुझे ‘आदिपुरुष’ और नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दोनों में ही लक्ष्मण का रोल ऑफर हुआ था. मेरे लुक टेस्ट भी लगभग फाइनल हो गए थे, लेकिन बात नहीं बन पाई. उन्होंने आगे कहा, ‘एक जगह (रामायण की ओर इशारा करते हुए) मैं भगवान राम का रोल करने वाले एक्टर से दो इंच लंबा था, और दूसरी जगह (‘आदिपुरुष’) मैं भगवान राम का रोल करने वाले एक्टर (प्रभास) जितना ही लंब-चौड़ा था, इसलिए मुझे फाइनल नहीं किया गया. तो मैं निराश हो गया था कि शायद ‘रामायण’ के साथ मेरा कनेक्शन उतना अच्छा नहीं है, इसीलिए मुझे बार-बार रिजेक्ट किया जा रहा है.’

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ से जुड़ने के बारे में बात करते हुए देव शर्मा ने कहा, ‘मुझे पहली बार अभिषेक सिंह (निर्देशक) का फोन आया तो इन्होने बताया कि ‘सर हम एक फिल्म बना रहे हैं रामायण’ तो मैंने सुनते ही बोला कि मैं लक्ष्मण का रोल नहीं करूंगा और रामायण भी नहीं करनी. और मैं अपने पिता के साथ बैठा था. उन्होंने कहा कि आप बात तो सुन लो पूरी, अपने पहले ही मना कर दिया. मैंने कहा कि दो बार ऐसा हुआ कि दिल टूट गया.’

एक्टर ने बताया कि उनके पिता ने उन्हें कोई भी फैसला लेने से पहले स्क्रिप्ट सुनने के लिए मनाया. कहानी सुनने के बाद उन्होंने राम के रोल के लिए हामी भर दी. उन्होंने कहा कि ऐसे दिव्य किरदारों को निभाना अपनी पसंद से नहीं, बल्कि किस्मत से होता है.

कौन हैं देव शर्मा?
देव शर्मा दिल्ली के रहने वाले हैं. वह दिल्ली के द्वारका में अपने माता-पिता के साथ रहते हैं. मुंबई उनकी कर्मभूमि हैं. उनकी दिव्या खोसला कुमार की फिल्म यारिया (2014) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्हें ‘हीरोपंती’ और ‘मुजफ्फरनगर’ जैसी फिल्में मिलीं. इसके अलावा देव में कृष 3 में सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया है.

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के बारे में
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है, इसे प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने प्रोड्यूस किया है, हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनिका सेन इसके को-प्रोड्यूसर हैं. इसे एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के अजय कनौजिया ने पेश किया है. यह फिल्म 25 सितंबर को पूरे भारत में हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.