हैदराबाद: इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और कुछ कंपनियों पर छापा मारा था. इस सर्च ऑपरेशन में 12 जगहों पर रेड मारी गई थी. यह पूरा मामला मनी लॉन्डिंग और पैसों के फ्रॉड लेन-देन से जुड़ा था. इस केस में बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और उनके फिल्म प्रोड्यूसर ससुर वाशु भगनानी का भी नाम आया था. बीती 28 सितंबर को ये खबर तेजी से सोशल मीडिया पर फैली और हड़कंप मच गया. अब इस खबर पर एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने चुप्पी तोड़ी है. एक्ट्रेस ने इस छापेमारी को लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट जारी किया है. एक्ट्रेस ने पोस्ट में खुद को इस मामले से अलग रखा है और मीडिया को तथ्यों की पुष्टि करने का आग्रह किया है.
रकुल प्रीत सिंह का पोस्ट
एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, ‘यह देखकर बहुत दुख होता है कि खुद को ऑनलाइन रिपोर्टर कहने वालों और कुछ मुख्यधारा के मीडिया पत्रकारों के बीच बिना तथ्यों की पुष्टि किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का चलन बढ़ रहा है. इसलिए, इस बात को एक बार और हमेशा के लिए साफ कर दें. उन छापों से मेरा कोई लेना-देना नहीं है. मैं बताना चाहता हूं कि मैं आर्म्ड फोर्सेज बैकग्राउंड से हूं और इंडस्ट्री में मेरा कोई ‘गॉडफादर’ नहीं था. मैंने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और एक जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाले नागरिक के तौर पर, मैं 20 साल की उम्र से ही अपने टैक्स भरती आ रही हूं’.
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, ‘मैं व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की तरफ से किसी भी तरह के गैर-कानूनी विदेशी पैसे के लेन-देन में शामिल नहीं हूं. मैं यह भी कहना चाहूंगी कि देश या विदेश में कहीं भी, किसी के भी नाम पर मेरी कोई बेनामी संपत्ति नहीं है. न तो मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ति तोहफे में दी है और न ही मैं उसूलन ऐसे महंगे तोहफे स्वीकार करती हूं’.
एक्टेस ने आगे लिखा है, ‘मैं उन सभी लोगों से आग्रह करतीं हूं, जिन्होंने ये झूठी, दुर्भावनापूर्ण और अटकलों पर आधारित खबरें चलाई हैं कि वे इन्हें वापस लें और तथ्यों को स्पष्ट करें. मैं समझती हूं कि मीडिया का बिजनेस चलाने वाले हर व्यक्ति पर, चाहे बिजनेस कितना भी बड़ा क्यों न हो, कमर्शियल दबाव होता है, लेकिन ऐसा तथ्यों की कीमत पर नहीं होना चाहिए और निश्चित रूप से किसी की प्रतिष्ठा और आजीविका की कीमत पर तो बिल्कुल भी नहीं.
बता दें, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने इस मामले में उन 12 जगहों पर छापे मारे थे, जहां फिल्म प्रोजेक्ट्स के नाम पर उनसे जुड़े काम के जरिए टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग का शक था. आईटी विभाग के रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ समय से फिल्म की शूटिंग, प्रोजेक्ट्स और विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन के नाम पर विदेशों में पैसे भेजे जा रहे थे.
रकुल ने एक्टर-प्रोड्यूसर जैकी भगनानी से साल 2024 में शादी रचाई थी. रकुल ने कई तेलुगु, हिंदी और तमिल फिल्मों में काम किया है और उन्हें साइमा (SIIMA) समेत कई अवार्ड मिल चुके हैं. अब रकुल इंडियन सिनेमा की अब तक की सबसे बड़े बजट की फिल्म रामायण-पार्ट 1 में शूर्पणखा के रोल में नजर आएंगी.

