मुजफ्फरनगर: बिजनौर के बाद मुजफ्फरनगर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लेने के साथ ही आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यह देश का विशेष चुनाव है। सामने वो ताकत है, जो संविधान के अधिकार छीन रही है। यह संविधान मंथन का चुनाव है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के चुनाव से पहले किसान दिल्ली में जाकर बैठे। सरकार ने सड़कों पर कील लगवा दी थी। किसान आंदोन में 1000 किसानों की जान गई। किसानों के कारण ही कानून वापस हुए। अगर ये लोग 400 सीट जीत गए तो काले कानून लागू कर देंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को सत्ता मिलते ही MSP देंगे। ये लोग इंडिया गठबंधन को इंडी गठबंधन कहते है।
400 सीटें हारेगी भाजपा
सपा सुप्रीमो ने कहा कि 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की है। भाजपा ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात कही थी, लेकिन पेपर लीक हो गए। पीएम सीएम पेपर लीक पर कुछ नहीं बोलते हैं। भाजपा के लोग पेपर लीक कर रहे हैं। किसान और नौजवान मिलकर भाजपा का सफाया कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा 400 सीटें हारेगी।
उन्होंने कहा कि ये भारत माता की जय बोलते हैं, लेकिन फौज की नौकरी को अग्निवीर में बदल दिया। अगर भाजपा जीत गई तो खाकी की नौकरी तीन साल की हो जाएगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने 1000 करोड़ चंदा लिया। हम दुनिया के दूसरे देशों से पीछे जा रहे हैं। हर विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस ही पुलिस से पैसा वसूल रही है। बनारस में भाजपा वाले ने पुलिस वाले की धुनाई की थी। विधायकों को और दलों को पैकेज दिया है। आज का जमाना पैकेज का है।
जयंत चौधरी पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि जाने कौन सा पैकेज मिला गया। हम तो शतरंज नहीं जानते, लेकिन थोड़ा बहुत जानते हैं। मगर, बीजेपी की घोड़े की ढाई चाल से वह दल पता नहीं कहां चला गया, जिनसे लड़कर हम लोगों ने उनको जिताया आज वह दल पैकेज पाकर उनके साथ खड़े हो गए हैं। इसलिए यह चुनाव आपके और हमारे भविष्य का चुनाव है, यह 400 लोकसभा जीतकर संविधान में बदलाव करना चाहते हैं। हमारे साथ जो 14 में आए थे, वह 24 में चले जाएंगे।