बालगृह से लापता सभी 26 बच्चियां सकुशल बरामद

झुग्गियों और छावनी क्षेत्र से किया गया बरामद, 2 अधिकारी सस्पेंड

भोपाल: भोपाल के बालिका गृह से गायब 26 बच्चियों को लेकर एक बड़ी राहत की खबर आई है। सभी लड़कियों का पता लग गया है और पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि बिना परमिशन के चल रहे इस अवैध बालिका गृह से कुल 26 बालिकाएं गायब हुई थीं, जिनमें से 10 आदमपुर छावनी क्षेत्र से मिली हैं। वहीं, 13 को अयोध्या नगर की झुग्गियों से पाया गया है। 2 लड़कियां टॉप नगर और एक को रायसेन से बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी का वेरिफिकेशन कर उन्हें घर भेज दिया है। अब ये बच्चियां अब अपने-अपने घरों पर सुरक्षित हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि भोपाल में इस बालिका छात्रावास का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था। प्रशासन की तरफ से इसको कोई परमिशन नहीं थी। बालिका गृह में कुल 68 बच्चियां हैं, जिनमें से बाकी 41 सुरक्षित हैं। गायब हुई 25 लड़कियों में धीरे-धीरे कर के समय के साथ सभी का पता लगा लिया गया और पुलिस ने उनका वेरिफिकेशन किया। वहीं, पूर्व सीडीपीओ विजेन्द्र प्रताप सिंह और सुपरवाइजर कोमल उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया गया है।