मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (19 अप्रैल) को मेरठ की किठौर विधानसभा क्षेत्र के सिसौली में जनसभा को संबोधित करेंगे। वे हेलिकॉप्टर से सिसौली इंटर कॉलेज के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। 03 बजे से उनकी सभा होगी और करीब 50 मिनट तक जनसभा में रहने के बाद वे पिलखुवा जाएंगे।
सीएम योगी का जिले में यह तीसरा दौरा है। इससे पहले वे मोदीपुरम में हुई प्रधानमंत्री की रैली में आए थे। इसके बाद सरधना में ठाकुर चौबीसी में रैली को संबोधित कर चुके हैं। आज वह किठौर विधानसभा क्षेत्र में ठाकुर बाहुल्य क्षेत्र सिसौली में आएंगे। ठाकुर समाज की कई जगह नाराजगी के चलते लगातार पश्चिम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभाएं कर रहे हैं।
20 अप्रैल को होगी अखिलेश यादव की जनसभा
वहीं, सपा मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव यहां 20 अप्रैल (शनिवार) को जनसभा करेंगे। रैली स्थल हापुड़ रोड के नजदीक बिजली बंबा बाईपास के पास है। अखिलेश लखनऊ से हिंडन एयरपोर्ट आएंगे। वहां से दोपहर 12:10 बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे। एक घंटे रैली में रहेंगे। दोपहर 1:10 बजे यहां से अमरोहा निकल जाएंगे। वह मेरठ के बहसूमा में भी 13 अप्रैल को आए थे। हालांकि, अभी उन्होंने मेरठ में जनसभा नहीं की है। यहां यह उनकी पहली जनसभा होगी।