Fatehpur: एसपी उदय शंकर सिंह ने कहा- घर से शुरू होगी नारी सुरक्षा-सम्मान

फतेहपुर: महिला सुरक्षा और शक्ति तभी हो सकती है, जब हम इसकी शुरुआत अपने-अपने घरों से करें। यह बात पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने मिशन शक्ति के कार्यक्रम में कही। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

विद्यालय की छात्राओं को संबोधित करते हुए एसपी उदय शं‍कर सिंह ने कहा कि आप लोग महिला सुरक्षा और सम्मान को अपने घर से मजबूत करिए। सबसे पहले अपने घरों में रहने वाली महिलाओं को सम्मान दें, क्योंकि तभी महिला सुरक्षा और सम्मान की बात सही सिद्ध होगी। केवल नंबर की जानकारी होने से महिला सम्मान नहीं हो सकता, इसके लिए यह पहल घर घर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जिले की सभी 816 ग्राम सभाओं में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ऐसे में आप भी अपने घरों में महिलाओं को सम्मान दें।

छात्राओं को जागरूक भी किया

पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने सभी छात्राओं से पैम्फलेट में लिखे नंबर भी पूछे, जिसे छात्राओं ने पूरे जोश के साथ पढ़कर बताया। एसपी ने छात्राओं को जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि आप कहीं भी हों, कोई भी दिक्‍कत हो तो आप 112 या 1090 पर फोन करिए, पुलिस आपको हर प्रकार से सुरक्षा देगी। इसके साथ ही आप अपने जानने वालों को भी 112 और 1090 की जानकरी दीजिए। यह पैम्फलेट आपके लिए अधिकृत जानकारी है, इसे अधिक से अधिक साझा करें।