तीसरे मैच में सुपर ओवर में हराकर भारत ने श्रीलंका से 3-0 से जीती टी-20 सीरीज

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: भारतीय क्रिकेट टीम ने मंगलवार (30 जुलाई) को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में शानदार जीत हासिल की। टीम इंडिया ने यह मुकाबला सुपर ओवर में जीता। इसी के साथ भारतीय टीम ने सीरीज पर भी 3-0 से कब्जा जमा लिया। गौतम गंभीर का कार्यकाल शुरू होने के बाद यह भारत की पहली जीत है।

पल्लेकल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 137 रन बनाए। इस तरह यह मुकाबला टाई हो गया और सुपर ओवर में पहुंच गया।

सुपर ओवर का रोमांच

श्रीलंका की पारी

  • पहले बल्लेबाजी के लिए श्रीलंका की तरफ से कुसल मेंडिस और कुसल परेरा आए। वहीं, भारत की तरफ से कप्तान ने वाशिंगटन सुंदर को गेंद थमाई।
  • सुंदर ने ओवर की शुरुआत वाइड के साथ की और स्कोर 1/0 हो गया।
  • पहली गेंद पर मेंडिस ने एक रन निकाला और स्कोर 2/0 हो गया।
  • दूसरी गेंद पर सुंदर ने परेरा को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया और स्कोर 2/1 हो गया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए पथुम निसांका आए।
  • तीसरी गेंद पर भी सुंदर ने विकेट चटकाया। उन्होंने निसांका को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। इस तरह श्रीलंका का स्कोर 2/2 हो गया और भारत को सिर्फ तीन रन का लक्ष्य मिला।

भारतीय टीम की पारी

  • सुपर ओवर में मिले तीन रनों के लक्ष्य का पीछा करने भारत की तरफ से सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल उतरे।
  • पहली गेंद महीश तीक्षणा ने फेंकी जिस पर सूर्यकुमार यादव ने जोरदार चौका मारा और मैच जीत लिया।

भारत की पहली पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को इस मुकाबले में श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया। जायसवाल सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए संजू सैमसन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद महीश  तीक्षणा ने रिंकू संह के रूप में भारत को तीसरा झटका दिया। वह सिर्फ एक रन बना सके। कप्तान सू्र्यकुमार यादव का बल्ला भी इस मुकाबले में नहीं चला। वह सिर्फ आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इस मैच में भारत के लिए शुभमन गिल ने 39, शिवम दुबे ने 13, रियान पराग ने 26, वाशिंगटन सुंदर ने 25, मोहम्मद सिराज ने शून्य और रवि बिश्नोई ने आठ* रन बनाए। श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा ने तीन विकेट चटकाए जबकि वानिंदु हसरंगा को दो विकेट मिले। वहीं, विक्रमासिंघे, असिथा फर्नांडो और रमेश मेंडिस को एक-एक सफलता मिली।

श्रीलंका की पारी

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की इस मैच में अच्छी शुरुआत हुई। पथुम निसांका और कुसल मेंडिस के बीच पहले विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी हुई। निसांका 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा कुसल परेरा ने संभाला। उन्होंने मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 52 रन जोड़े। श्रीलंका को दूसरा झटका मेंडिस के रूप में लगा व 43 रनों की पारी खेलकर लौटे जबकि परेरा ने 46 रन बनाए।

इस मैच में हसरंगा ने तीन, असलांका ने शून्य, रमेश मेंडिस ने तीन, कामिंदु मेंडिस ने एक, विक्रमासिंघे ने चार*, महीश तीक्षणा ने शून्य और असिथा फर्नांडो ने एक* रन बनाया। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, रिंकू सिंह और सूर्यकुमार यादव ने दो-दो विकेट चटकाए।