नीतियां धराशाई, राम के नाम पर वोट मांगना मजबूरी: सत्यनरायन पटेल

समाज को बांटकर नहीं पूरा होगा विकसित भारत का सपना

बस्ती: कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वी जोन के प्रभारी सत्यनरायन पटेल ने कहा कि नीतियों और विचारधारा के दम पर जो पार्टी कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देख रही थी वह अब राम के नाम पर वोट मांग रही है। वे पार्टी दफ्तर पर आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा दरअसल उसकी नीतियां बुरी तरह फ्लॉप हुई हैं। जाति, धर्म, ऊंच नीच, अमीर गरीब के नाम पर समाज को बांटकर विकसित भारत का सपना किसी कीमत पर नहीं पूरा हो सकता।

कांग्रेस नेता ने कहा भाजपा का विकसित भारत का रथ गांव गांव पहुंच रहा है, आम जनमानस को गुमराह होने की बजाय सत्ता से जुड़े लोगों से पूछना चाहिये कि 81 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन बांटने का दावा करने वाली पार्टी देशवासियों को विकसित भारत का सपना कैसे दिखा सकती है। सत्यनरायन पटेल ने कहा भाजपा का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा नहीं हुआ लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक दिन देश को भाजपा मुक्त जरूर कर देगी।