11th Nov Header

यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य: मुख्य सचिव

पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में यूपी निभाएगा बड़ी भूमिका

लखनऊ: मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि भारत की जीडीपी में 9.2 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उत्तर प्रदेश भारत के पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में बड़ी भूमिका निभाएगा। इस उपलब्धि के लिए प्रदेश द्वारा डिजिटल प्रौद्योगिकी को अपनाना सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्य सचिव बुधवार को ईएसआरआई इंडिया के जियो विजन सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी को अपनाने के मामले में यूपी देश के शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है। नीति और बुनियादी ढांचे की तैयारी, शिक्षा, ई-ट्रेजरी, ई-जिला, ई-पंचायत और सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में पात्र छात्रों के बैंक खातों में सीधे छात्रवृत्ति धनराशि भेजने के लिए अपने संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया गया है। नागरिक सेवाओं के लिए ट्रेजरी कंप्यूटरीकरण और वेब इंटरफेस प्रावधान इस प्रयास में महत्वपूर्ण रहे हैं।