वाराणसी: तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, किसी को नदी पार कर जाने की अनुमति नहीं

UP News: वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. इसको देखते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम पूरी तरह मुस्तैद है. इसके अलावा तटवर्ती क्षेत्र के लिए विशेष हिदायत भी दी गई है. प्रशासन के अनुसार अब छोटी नावों पर अगले आदेश तक के लिए पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. साथ ही बड़ी नाव में निर्धारित संख्या में ही बैठकर लोगों को लाइव जैकेट के साथ नौका विहार करने का आदेश दिया गया है.

वर्तमान समय तक कुछ घाटों का संपर्क भी टूट चुका है. इसके अलावा अभी तक चार से पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है. लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है. साथ ही तटवर्ती क्षेत्र के लोगों को विशेष सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है. नाविकों ने कहा कि हमें पूरी तरह सतर्क रहकर ही नौका विहार कराने का आदेश दिया गया है. बीते दिनों से तेजी से बढ़ रहें गंगा के जलस्तर की वजह से हमारे व्यवसाय पर भी असर पड़ा है.