अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर वर्ल्ड मीडिया ने भारत को घेरा, लिखीं ये हेडलाइंस

नई दिल्‍ली: देश की राजधानी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को शराब नीति मामले में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। इसकी कवरेज दुनिया भर के मीडिया संस्थानों ने अपने-अपने नजरिए से की है। अमेरिकी मीडिया हाउस वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है कि विरोधियों पर कार्रवाई में तेजी के बीच भारत ने दिल्ली के सीएम को गिरफ्तार किया। वहीं, CNN के साथ-साथ BBC ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की खबर को अपने मेन पेज पर जगह दी है।

किस मीडिया हाउस ने लिखी क्‍या खबर?

वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है- केजरीवाल भारत की राजधानी और पंजाब राज्य पर शासन करते हैं, उनकी गिरफ्तारी हाल ही में हुई किसी विपक्षी नेता की दूसरी बड़ी गिरफ्तारी है। पोस्ट ने केजरीवाल से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया।

CNN ने लिखा है- भारत में गुरुवार रात एक अहम विपक्षी नेता को गिरफ्तार कर लिया। विपक्ष ने चुनाव से पहले हुई इस गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल प्रधानमंत्री के कड़े आलोचकों में से हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी से विपक्षी अलायंस की मोदी को सत्ता से हटाने की उम्मीद टूटती नजर आ रही है।

BBC ने लिखा है- भारत में विपक्ष के नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। केजरीवाल ने कुछ भी गलत करने से इनकार किया है। विपक्ष ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया है। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की है।

कतर के मीडिया हाउस अलजजीरा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के जरिए भारत में विपक्ष की एकजुटता पर लिखा है। अलजजीरा ने हेडलाइन में लिखा- मरा हुआ लोकतंत्र’ क्या केजरीवाल की गिरफ्तारी भारत के विपक्ष को एकजुट कर पाएगी?

न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) ने लिखा- भारत में चुनाव से हफ्तों भर पहले एक पार्टी के हेड को ड्रामे के बीच गिरफ्तार कर लिया गया है, उनके समर्थकों का कहना है कि उन पर झूठे आरोप हैं, वहीं, एक दूसरी पार्टी ने कहा कि वो अपने फंड्स का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। टाइम्स ने लिखा- भारत में 19 अप्रैल से चुनाव शुरू हो रहे हैं, ऐसे में कैंपेन जोर पकड़ रहा है।