उज्जैन में 12 साल की बच्ची से दुष्‍कर्म, खून से सनी अर्धनग्‍न लड़की ढाई घंटे भटकती रही

MP भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा- दरिंदों को फांसी दी जाएगी

उज्जैन: मध्‍य प्रदेश में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्‍कर्म का मामला सामने आया है। सोमवार शाम महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास बच्ची घायल हालत में मिली थी। उसके कपड़े खून से सने थे।

बच्ची आधे-अधूरे कपड़ों में सांवराखेड़ी सिंहस्थ बाइपास की कॉलोनियों में ढाई घंटे तक भटकती रही। इसके सीसीटवी फुटेज पुलिस ने खोजे हैं। वह पूरे आठ किलोमीटर चलती गई। उसके प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें हैं। उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां के साथ भी गलत काम हुआ है, लेकिन उसकी मां कहां है और वह उज्जैन तक कैसे आई? इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है। अधिक खून बह जाने के कारण बच्ची को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहां उसे खून चढ़ाया गया, बच्ची अब खतरे से बाहर है। डॉक्टर्स ने दुष्‍कर्म की पुष्टि की।

उज्‍जैन एसपी ने दी जानकारी

उज्जैन एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि बच्ची शायद प्रयागराज (उत्‍तर प्रदेश) की रहने वाली है। जांच के लिए SIT गठित की है। बच्ची ठीक से ज्यादा कुछ बता नहीं पा रही है कि घटना कहां हुई। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक ऑटो रिक्शा हाटकेश्वर मार्ग पर दिखाई दिया है, जिसमें एक व्यक्ति भी पीड़ित के साथ दिख रहा है। फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार रात को ऑटोवाले को खोज निकाला। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश निवासी महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली समझी। इससे ये पता चल पाया कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक गांव की हो सकती है। उसकी बोली इस इलाके के एक समुदाय की बोली है। मध्य प्रदेश पुलिस, यूपी पुलिस से भी संपर्क कर परिवार का पता करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस टीम 72 घंटे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस दौरान बाइपास मार्ग से निकले भारी वाहनों की भी डिटेल निकलवाई जा रही है। इसमें हाटकेश्वर मार्ग के फुटेज से कुछ सुराग हाथ लगे हैं। लोगों के मूवमेंट पर भी काम हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीमें भी इसमें लगी हुई हैं। हर स्तर पर काम हो रहा है। उन्‍होंने बताया कि शायद बाइपास एरिया में बच्ची हैवानियत की शिकार हुई है। वह एक व्यक्ति का चावल नाम भी बोल रही है।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष बोले- दरिंदों को फांसी की सजा दी जाए

उज्जैन में बच्ची से दुष्‍कर्म का मामला सामने आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की घटना दुर्भाग्य से भी दुर्भाग्यजनक है। दरिंदों को फांसी की सजा मिलेगी। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कड़े से कड़े प्रावधान करेंगे, अपराधी कोई भी हो, बच नहीं पाएगा।

कमलनाथ बोले- मध्‍यप्रदेश मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने X पर पोस्‍ट कर कहा कि ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे? मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश हैं और जनता परेशान है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। पीड़िता को समुचित उपचार के साथ ही एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।