लखनऊ:उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तराई और पश्चिमी इलाकों में रविवार को मौसम ने अचानक करवट लिया। कई जिलों में सुबह बूंदाबांदी के साथ धूलभरी आंधी चली और कुछ समय के लिए आसमान घने काले बादलों से घिर गया। पश्चिमी जिलों मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनाैर और एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा और राजधानी लखनऊ समेत करीब 15 शहरों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के दाैरान कई जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे दर्ज हुई।
रविवार को मुजफ्फर नगर में सर्वाधिक 8.2 मिमी बारिश हुई। वहीं मेरठ में 5.1 मिमी, बरेली में 2.5 मिमी, बिजनाैर में 2 मिमी बारिश हुई। तराई के कई अन्य जिलों में छिटपुट बूंदें गिरीं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के पूर्वी हिस्सों समेत लगभग 42 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और 17 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है।