लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आफत की बारिश में 100 के करीब लोगों को जान गंवाने के बाद अचानक मौसम के तेवर फिर गर्म हो गए हैं. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद एक बार फिर से भीषण चिलचिलाती धूप लोगों को झुलसाने का कार्य करेगी. मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में शुक्रवार से लू चलने की चेतावनी जारी की है. इसके आने वाले समय में पूरे यूपी में फैलने की आशंका है.
5 दिनों तो चलेगी हीटवेव
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है जिसके कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव चलेगी. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है.
अधिकतम तापमान वाले टॉप 10 जिले बांदा 45.2, झांसी 44.01, उरई 43.2, आगरा 41.4, प्रयागराज 42.5, कानपुर देहात 41, कानपुर नगर 39.3, वाराणसी 40, सोनभद्र 40, सुल्तानपुर 39, अमेठी 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
लखनऊ में तापमान 39 डिग्री रहने की संभावना
राजधानी लखनऊ के शुक्रवार के मौसम की बात करें तो मुख्यतः आसमान साफ रहेगा. अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2-2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
वहीं बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो लखनऊ में गुरुवार को आसमान साफ रहा. तेज धूप निकली. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्व उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज रफ्तार आंधी तूफान तथा बारिश होने के कारण मौसम में नमी बरकरार रही. जिसकी वजह से लखनऊ में भी अधिकतम तापमान में गुरुवार को इजाफा नहीं हुआ. अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य है.
बांदा सबसे गर्म जिला
गुरुवार को भी उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा जहां पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किए गए जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव चलेगी. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है.