लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से लगातार तबादलों का दौर जारी है. आईएएस, पीसीएस के साथ ही कई महकमों में भी तेजी से तबादले किए जा रहे हैं. इसी के साथ ही अब शिक्षा विभाग में दो बड़े अफसरों के तबादले किए गए हैं. चलिए जानते हैं इनके बारे में.
दरअसल, सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक वर्तमान में प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत प्रताप सिंह बघेल को प्रभारी शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), प्रयागराज/लखनऊ का दायित्व सौंपा गया है. वहीं प्रभारी निदेशक, साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत अनिल भूषण चतुर्वेदी को प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.
शिक्षा विभाग में हुए इस महत्वपूर्ण बदलाव को योगी सरकार का अहम कदम माना जा रहा है. प्रताप सिंह बघेल और अनिल भूषण चतुर्वेदी दोनों ही शिक्षा प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं. ऐसे में उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रभावी समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है.
शासन का विश्वास है कि अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने से शिक्षा विभाग की कार्यक्षमता और जवाबदेही दोनों को नई मजबूती मिलेगी. बता दें कि इससे पहले भी योगी सरकार शिक्षा विभाग में कई बड़े पदों में बदलाव कर चुकी है.