लेनदेन का विवाद, पुलिस एक्शन मोड में तैयार

बरेली: आंवला कोतवाली इलाके के गांव दरावनगर नगर में तीन दिन पूर्व हुए जुए में लेनदेन के विवाद के चलते बृहस्पतिवार की सुबह दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने व जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर कार्यवाही करने का मन बना लिया है। वहीं पुलिस उन असामाजिक तत्वों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही करने की बात कह रही है जो मामूली विवाद को भी राजनीतिक विवाद बनाकर आपस में वैमनस्य की भावना पैदा करने का काम कर रहे हैं।

बता दें तीन दिन पूर्व प्रधान ज्ञान सिंह यादव के भतीजे कृपा शंकर यादव व कौसर के बेटे रिजवान के बीच पैसे के लेन देन को लेकर आपस में विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में समझौता कर दिया गया। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पूर्व प्रधान ज्ञान सिंह यादव ने बताया, उनके परिवार का विवेक खेत में पानी लग रहा था। उसी समय रिजवान, कैसर, फिरोज अपने साथियों के साथ हथियार व लाठी डंडे लेकर खेत पर पहुंच गए। उन्होंने उसको मारना पीटना शुरू कर दिया, जान बचाने की नीयत से वह भागा तो फायरिंग शुरू कर दी। वहीं दूसरे पक्ष ने पूर्व प्रधान के परिजनों पर मारपीट करने की बात कही। कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया दोनों पक्षों में मारपीट हुई है, बवाल करने वाले असमाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी जो लोगों को उकसाकर गंगा जमुनी तहजीब में खलल डालने का काम रहे हैं।