11th Nov Header

Chandrayaan-3 पृथ्वी को अलविदा कह चांद के लिए हुआ रवाना, भारत के नाम दो और उपलब्धियां

आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च हुआ चंद्रयान-3 अब अपने अगले अहम पड़ाव यानी चंद्रमा की ओर बढ़ चुका है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) ने यह जानकारी दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब 23 दिनों की यात्रा के बाद अंतरिक्ष यान चांद की सतह पर लैंड करेगा। यान को 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था।

चंद्रयान-3 ने 1 अगस्त को ही पृथ्वी के चारों ओर परिक्रमा पूरी कर ली है। इसके बाद अब अंतरिक्ष यान चांद तक की 3.8 लाख किमी की यात्रा पर निकल चुका है। इसरो का कहना है कि लूनर-ऑर्बिट इंसर्शन (LOI) की 5 अगस्त की योजना बनाई गई है। इसरो ने सोमवार आधी रात को उस समय एक बड़ी उपलब्धि हासिल की जब उसने चंद्रयान-3 को ट्रांसलूनर कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।

इसरो ने ट्वीट किया, ‘इस्ट्रैक में एक सफल पेरिगी-फायरिंग की गई, इसरो ने अंतरक्षि यान को ट्रांसलूनर कक्षा में स्थापित कर दिया है।’ इसरो ने चंद्रमा की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, ‘अगला पड़ाव: चंद्रमा।’ उन्होंने कहा कि यान पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा और 23 अगस्त को चंद्रमा पर लैंड करेगा।