स्क्रैप माफिया रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड दिल्‍ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

नई दिल्‍ली: दिल्‍ली एयरपोर्ट से पुलिस ने स्क्रैप माफिया रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड काजल झा को गिरफ्तार कर लिया। थाईलैंड पुलिस ने दोनों को भारत डिपोर्ट किया था, जिसके बाद उन्हें दिल्ली लाया गया।

शनिवार को जैसे ही रवि काना और काजल झा दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे दोनों को नोएडा पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। दोनों से नोएडा पुलिस ने पूछताछ की जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि 31 दिसंबर, 2023 को भारत से फरार होकर थाईलैंड पहुंच गए थे। नोएडा पुलिस रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड को न्याययिक हिरासत में जेल भेजेगी। नोएडा पुलिस कुछ दिन बाद दोनों की अदालत से रिमांड मांगेगी।

दिल्‍ली-एनसीआर में 250 करोड़ की संपत्ति जब्‍त

रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड नोएडा पुलिस की जांच और गिरफ्तारी के डर से थाईलैंड फरार हो गए थे। नोएडा पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और थाईलैंड पुलिस से संपर्क किया था। इसके बाद थाईलैंड पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया और भारत डिपोर्ट कर दिया। नोएडा पुलिस अब तक रवि काना और काजल झा की दिल्ली-एनसीआर में 250 करोड़ की संपति जब्त कर चुकी है। आगे की पूछताछ में कई बड़े सफेदपोश और रसूखदार लोगों के नाम का खुलासा हो सकता है।

नोएडा पुलिस ने गौतम बुद्ध नगर, दिल्‍ली और बुलंदशहर में गैंगस्टर रवि काना की लगभग 200 करोड़ की संपत्ति सील कर दी थी। इसमें दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 80 करोड़ रुपये कीमत का बंगला भी शामिल है। ये बंगला रवि ने अपनी गर्लफ्रेंड काजल झा के नाम पर खरीदा था। नोएडा पुलिस ने बुलंदशहर के खुर्जा में 40 बीघा जमीन भी सील कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह संपत्ति विभिन्न अपराधों से अर्जित धन से बनाई है।