हैदराबाद: सोशल मीडिया पर फेक वीडियो की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है. हाल ही में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने एक वीडियो अपलोड किया है, जिसमें उन्हें बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के गाने पर निगेटिव रिएक्शन देते हुए देखा गया. इस वीडियो पर सिंगर ने चुप्पी तोड़ते हुए सफाई दी है.
गुरुवार, 17 सितंबर को सोनू निगम ने अपना फेक वीडियो शेयर किया. वीडियो में टीवी स्क्रीन पर सलमान खान का गाना ‘मैं हूं हीरो तेरा’ (हीरो, 2015) चलते हुए देखा जा सकता है. इसके बाद सिंगर का रिएक्शन आता है.
वह कहते हैं, ‘बहुत दिनों बाद कोई अच्छी चीज सुनी और दिमाग खराब हो गया. अभी भी ऐसा काम हो सकता है कि इंसान फूट-फूटकर रोए, ये सोचा नहीं था मैंने. मतलब मैं फूट-फूटकर रोऊंगा, कोई गाना गा रहा होगा, मैं सुनकर रो दूं.’ वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि टीवी स्क्रीन पर एडिट किया हुआ वीडियो लगाया गया है.
इस वीडियो पर सफाई देते हुए सोनू निगम ने कैप्शन में लिखा है, ‘इंटरनेट पर कुछ भी अप्रत्याशित हो सकता है. मुझे यह एडिट किया हुआ वीडियो मिला.’ उन्होंने अपने रिएक्शन पर सफाई देते हुए आगे लिखा है, ‘एक पाकिस्तानी बच्ची गायिका के लिए मेरा रिएक्शन ऐसा था.’
सोनू के इस पोस्ट काफी कमेंट्स आए हैं. एतक यूजर ने लिखा है, ‘मुझे यह वीडियो याद है, जिसमें सोनू जी ने नेस्कैफे बेसमेंट के गाने ‘बोल हू’ में छोटी हादिया हाशमी के गाए हिस्से पर अपना रिएक्शन दिया था. इंटरनेट सच में गजब की चीज है.’ एक दूसरे यूजर ने लिखा है, ‘हां भैया यह बोल हू गाने के लिए था. एडिटर ने इंटरनेट के शक्तियों का गलत इस्तमाल किया.’
बीते दिनों सोनू निगम अपने प्रॉपर्टी को लेकर सुर्खियों में थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू निगम ने मुंबई के बीकेसी में पहले से लीज पर दी गई रिटेल प्रॉपर्टी 18 करोड़ रुपये में बेच दी है. इस डील को कराने वाली कंपनी के अनुसार, बॉलीवुड सिंगर और परफॉर्मर सोनू निगम ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के ट्रेड सेंटर में पहले से लीज पर दी गई एक रिटेल प्रॉपर्टी 18 करोड़ रुपये में बेची है. इस डील को कराने में विवेक गुप्ता ने भी मदद की थी.
सलमान खान का गाना ‘मैं हूं हीरो तेरा’ 2015 रिलीज हुई फिल्म ‘हीरो’ का है. इस फिल्म में से सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी ने डेब्यू किया था. इस फिल्म में सूरज पंचोली अहम भूमिका में थे. सलमान खान इस फिल्म के प्रोड्यूसर थे.