यूपी में 36 घंटे बाद बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

लखनऊ: यूपी में अगले 36 घंटों में फिर से मानसूनी बारिश तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग की मानें तो 17 जुलाई से यूपी में बारिश का सिलसिला तेजी पकड़ सकता है. वहीं, बीते 24 घंटों में प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा.

यूपी में कल साफ रहा मौसम: उत्तर प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र ना होने के कारण पूर्वी तथा पश्चिमी इलाकों के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ है. मौसम में आद्रता होने तथा तेज धूप खिलने के कारण उमस भरी गर्मी में वृद्धि हुई है. वही प्रदेश के कुछ आइसोलेटेड स्थानों में बारिश भी हुई. कम बारिश होने के कारण अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है.

लखनऊ के मौसम पर एक नजर: राजधानी लखनऊ में बुधवार को मुख्यतः आसमान साफ रहा दिन में तेज धूप खिली बीच-बीच में बादलों की भी आवाजाही रही. तेज धूप खिलने व मौसम में नमी होने के कारण उमस भरी गर्मी जारी रही. वहीं बीच-बीच में बादलों की आवाजाही तथा हवाओं के चलने से कुछ देर के लिए राहत भी मिली. अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. प्रयागराज सबसे गर्म: बुधवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज जिला सबसे अधिक गर्म रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वही सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर जिले में 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.मौसम विज्ञानी क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदाब क्षेत्र के प्रभाव से 36 घण्टों के उपरान्त मानसूनी सक्रियता बढ़ने के आसार है. 17 जुलाई के उपरान्त प्रदेश में मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रादेशिक वर्षा में व्यापक वृद्धि हो सकती है.