हैदराबाद: दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास, दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने से सात छात्रों की मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद, बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने छात्रों के प्रति एकजुटता दिखाई है. उन्होंने सरकार से छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने और उनके लिए सुरक्षित रहने की जगह सुनिश्चित करने की अपील की है.
मंगलवार, 8 सितंबर को एक्टर सोनू सूद ने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए शहरों में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती रहने की जगह की मांग की है. सोनू सूद ने कहा कि हर साल लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे शहरों में जाते हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पक्का किया जाए कि उनके रहने के लिए सुरक्षित जगहें हों.
सोनू सूद ने अपने पोस्ट में लिखा है, हर साल, लाखों छात्र किसी दूसरे शहर में अपने सपने को पूरा करने के लिए अपना घर छोड़ते हैं. लेकिन क्या हम उन्हें रहने के लिए सुरक्षित जगह दे रहे हैं? दिल्ली में लगभग 7 लाख छात्र पढ़ते हैं, जबकि हॉस्टल की क्षमता मुश्किल से 30,000 है यानी हर 31 में से सिर्फ 1 छात्र को ही हॉस्टल मिल पाता है.’
उन्होंने अपने पोस्ट में सरकारी जमीनों का जिक्र किया है. उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा है, ‘क्यों न यूनिवर्सिटी के आस-पास खाली पड़ी सरकारी जमीन की पहचान की जाए और वहां सुरक्षित और किफायती स्टूडेंट हॉस्टल बनाने की इजाजत दी जाए या उन्हें बनाया जाए? यूनिवर्सिटी को कैंपस के अंदर और ज्यादा रहने की जगह बनाने के लिए अतिरिक्त बिल्डिंग परमिशन भी दी जा सकती हैं. इससे छात्रों को सुरक्षा मिलती है. माता-पिता को मन की शांति मिलती है. यूनिवर्सिटी और सरकारों की कमाई होती है और सबसे जरूरी बात, हम लोगों की जान बचाते हैं. कभी-कभी, पॉलिसी में एक छोटा सा बदलाव किसी के सबसे बड़े सपने को बचा सकता है.’
बता दें, सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया, साथ ही निर्माण और सुरक्षा नियमों के पालन पर सवाल उठे. दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है, जबकि 12 लोगों को बचाया गया है.
इस बीच, पटियाला हाउस के ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार रात महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. उनके माता-पिता, हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता, को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन्हें देर रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया था. उन्हें सत्य निकेतन इमारत गिरने के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 6 सितंबर को पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी.