ममता बनर्जी बोलीं- संदेशखाली में महिलाओं की दुर्दशा से दुखी हूं, भाजपा पर साजिश का आरोप

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि वह संदेशखाली में महिलाओं की दुर्दशा से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को संदेशखाली की महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। टीएमसी प्रमुख के मुताबिक, संदेशखाली को लेकर भाजपा की साजिश अब बेनकाब हो गई है। बशीरहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

ममता बनर्जी ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ जो कुछ भी हुआ, उससे मैं दुखी हूं। किसी को भी महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए। अगर वीडियो सामने नहीं आते तो लोग भाजपा की साजिश को कभी समझ ही नहीं पाते। उनकी यह टिप्पणी तब सामने आई है, जब सोशल मीडिया पर कई कथित वीडियो सामने आए। इनमें दावा किया गया है कि एक स्थानीय भाजपा नेता ने संदेशखाली की कई महिलाओं से कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराए। बाद में कागज को टीएमसी नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों से भर दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जिसे चाहें कॉल कर सकते हैं। उन्होंने बशीरहाट की भाजपा नेता रेखा पात्रा को फोन किया था। टीएमसी नेता ने कहा कि पीएम मोदी को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश में महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार का ट्रैक रिकॉर्ड निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर सबसे ज्यादा हमले हुए हैं।