मौसम विभाग का अनुमान: इस साल रहेगी ज्यादा गर्मी, 20 दिन तक चलेगी लू

नई दिल्ली: इस साल भारतीय मौसम विभाग ने अधिक गर्मी का अनुमान लगाया है। अप्रैल से मई के बीच तीन महीने तापमान अधिक रहेगा। वहीं, इस बार 20 दिनों तक हीटवेव की संभावना जताई गई, जो अमूमन आठ दिनों तक रहती है।

आईएमडी के अनुसार, अगले तीन महीनों में देश के छह राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। अगले हफ्ते तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। अप्रैल-जून के दौरान भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक लू चलेगी।

मंत्री रिजिजू बोले- हीटवेव के लिए हम तैयार

वहीं, मौजूदा हीटवेव की स्थिति पर अर्थ साइंस मिनिस्टर किरेन रिजिजू ने कहा कि हमारे अनुमान के मुताबिक, देश का एक बड़ा क्षेत्र हीटवेव से प्रभावित होने वाला है, जिसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं। चूंकि अगले कुछ दिनों में लोकसभा चुनाव हैं, इसलिए हमने हीटवेव को लेकर सावधानी बरती है। तैयारियों को लेकर राज्य सरकारों के साथ दो दिन बैठक भी की गई।