अयोध्या : हनुमान जयंती पर राम मंदिर परिसर के परकोटे में स्थित हनुमान मंदिर के शिखर पर गुरुवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम में बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने विधिवत ध्वजारोहण किया. उनके साथ बजरंग दल के पूर्व संयोजक और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जय भान सिंह पवैया भी मौजूद रहे.
ध्वजारोहण के बाद पूरे मंदिर परिसर में साधु-संतों ने जय श्री राम के गगनभेदी नारे लगाए. इस धार्मिक आयोजन में करीब डेढ़ सौ से अधिक साधु-संत शामिल हुए, जिससे रामनगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गई. गौरतलब है कि इससे पहले भी मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो चुके हैं. मुख्य मंदिर के शिखर पर देश के प्रधानमंत्री द्वारा ध्वजारोहण कर मंदिर की पूर्णता का संदेश दिया गया था.
वहीं अन्नपूर्णा मंदिर पर गृह मंत्री और सूर्य मंदिर के शिखर पर राष्ट्रपति द्वारा ध्वजारोहण किया जा चुका है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनय कटियार ने कहा कि भारतीय संस्कृति का यशगान हो रहा है और यही होना चाहिए. उन्होंने इस ध्वजारोहण को भव्य और ऐतिहासिक बताया.
जयभान सिंह पवैया ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़ा वर्षों पुराना सपना अब साकार होते दिख रहा है. यह क्षण बेहद भावनात्मक और गर्व का है. हनुमान जी के आदर्श और भगवान राम के संदेश ही देश को एकता के सूत्र में बांध सकते हैं और ऐसे आयोजन सांस्कृतिक जागरण को और मजबूत करते हैं.
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से अयोध्या के प्रमुख मठ-मंदिरों के करीब डेढ़ सौ साधु-संतों को आमंत्रित किया गया था. साधु-संतों ने कहा कि हनुमान जयंती के अवसर पर हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण होना अत्यंत शुभ और भावनात्मक क्षण है.